Follow us

06/07/2026 12:13 am

Search
Close this search box.
Home » News in Hindi » भारत » ब्रिटिश कोलंबिया विधान सभा के अध्यक्ष पहुंचे पंजाब/हरियाणा विधान सभा

ब्रिटिश कोलंबिया विधान सभा के अध्यक्ष पहुंचे पंजाब/हरियाणा विधान सभा

विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता से की शिष्टाचार भेंट, पंजाब विस अध्यक्ष कुलतार संधिवां भी रहे साथ

दोनों विधान मंडलों में सांस्कृतिक आदान-प्रदान साझा करने पर चर्चा

चंडीगढ़:

कनाडा के प्रांत ब्रिटिश कोलंबिया विधान सभा के अध्यक्ष राज चौहान ने सोमवार को हरियाणा विधान सभा सचिवालय पहुंच विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पंजाब विधान सभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवा भी उपस्थित रहे। गुप्ता ने दोनों पीठासीन अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और ब्रिटिश कोलंबिया विधान सभा के अध्यक्ष राज चौहान की पहली मुलाकात कनाडा के शहर हैलिफैक्स में अगस्त 2022 में आयोजित 65वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में हुई थी। तब दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के यहां यात्रा करने की बात कही थी। हरियाणा विधान सभा सचिवालय में सोमवार को आयोजित शिष्टाचार भेंट के दौरान तीनों नेताओं ने एक-दूसरे की कुशलक्षेम जानी और विधान मंडलों की संसदीय परंपराओं को लेकर भी अनौपचारिक बातचीत की।

मुलाकात के दौरान हरियाणा और ब्रिटिश कोलंबिया विधान सभा में परस्पर सौहार्द बढ़ाने, शिष्टाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान साझा करने पर भी चर्चा हुई। दोनों प्रदेश भविष्य में एक दूसरे के विधान मंडलों के नियम और संसदीय परंपराओं से सीखने के लिए एक्सचेंज कार्यक्रम भी कर सकते हैं। इस दौरान हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि वर्तमान दौर में लोकतांत्रिक व्यवस्था को आदर्श शासन व्यवस्था माना जाता है। कनेडियन और भारतीय विधान मंडल लंबे संसदीय अनुभव और परंपराएं संजोए हुए हैं। नागरिकों को इन अनुभवों का अधिक से अधिक लाभ मिलना चाहिए। इस दौरान हरियाणा विधान सभा में गत वर्षों में शुरू हुई नई परंपराओं और डिजीटलाइजेशन पर भी चर्चा हुई।

dawn punjab
Author: dawn punjab

Leave a Comment

RELATED LATEST NEWS