Follow us

01/09/2024 7:55 am

Search
Close this search box.
Home » News in Hindi » भारत » 106.90 फीसदी उत्पादकता के साथ संपन्न हुआ बजट सत्र

106.90 फीसदी उत्पादकता के साथ संपन्न हुआ बजट सत्र

सभी 90 विधायकों ने की भागीदारी, 13 विधेयक पारित

चंडीगढ़ :

विधान सभा के पूरे रिकॉर्ड के डिजीटलाइजेशन व अधिकारियों, कर्मचारियों की विधिवत ड्रेस लागू होने के साथ 14वीं विधान सभा का अंतिम बजट सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान 33 घंटे 48 मिनट कार्यवाही चली और सत्र में प्रदेश के सभी 90 विधायकों ने भाग लिया। सत्र की कार्य उत्पादकता 106.90 फीसदी रही। 20 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चले इस सत्र में 7 बैठकें हुईं। इस दौरान सदन में 13 विधेयक पारित किए गए। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने वीरवार को विधान सभा सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के साथ बजट सत्र के आंकड़े सांझा किए। बजट की सफलता के लिए विस अध्यक्ष ने सत्तापक्ष-विपक्ष के सभी सदस्यों, कर्मचारियों तथा मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने विधान सभा के सभी कर्मचारियों के लिए ड्रेस लागू की। इससे सदन में अनुशासन देखने को मिला, वहीं कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति गौरवान्वित दिखाई दिए। हरियाणा विधान सभा में ऐसा प्रयोग पहली बार हुआ है।

गुप्ता ने कहा कि डिजिटल युग में हरियाणा विधान सभा ने एक और नई छलांग लगाई है। विधान सभा का 1966 से लेकर अब तक का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से उपलब्ध हो गया है। इस रिकॉर्ड में सभी सत्रों की कार्यसूची, सदन का आह्वान एवं सत्रावसान, प्रस्ताव/नोटिस, अल्प अवधि नोटिस, प्रश्नोत्तर, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, गैर-सरकारी व  सरकारी संकल्प, बिल, बुलेटिन, समीक्षा, सदन की कार्यवाही, माननीय विधायकों का बायोडाटा तथा सभी समितियों की रिपोर्ट शामिल है। यह सुविधा शोधार्थियों और मीडिया कर्मियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

उन्होंने बताया कि 1007 दर्शकों ने सत्र की कार्यवाही देखी। इनमें 456 स्कूली बच्चे और दूसरे संस्थानों व समूहों के व्यक्ति शामिल रहे। सत्र के दौरान 5 दिन प्रश्नकाल रहा। इसके लिए 100 तारांकित प्रश्न कार्यवाही का हिस्सा बने, जिनमें से 61 सवालों के जवाबों पर सदन में चर्चा हुई। कुल 59 विधायकों के तारांकित सवाल इस सत्र में शामिल किए गए। इनमें भाजपा के 23, कांग्रेस के 25, जजपा के 6, इनेलो के 1 तथा 4 निर्दलीय विधायक शामिल रहे। इनके अलावा 26 विधायकों के 138 अतारांकित प्रश्न भी कार्यवाही का हिस्सा बने।

उन्होंने बताया कि महामहिम राज्यपाल का अभिभाषण 102 मिनट का रहा। इस पर सदन में 5 घंटे 56 मिनट चर्चा हुई, जिसमें भाजपा के 13, जजपा के 4, कांग्रेस के 12, निर्दलीय 3 विधायकों को मिलाकर कुल 32 विधायकों ने भाग लिया। 

अविश्वास प्रस्ताव पर 3 घंटे 54 मिनट चर्चा हुई। कुल 14 विधायकों ने इस चर्चा में हिस्सा लिया। इनमें भाजपा के 4, जेजेपी के 2, कांग्रेस के 7, इनेलो का एक विधायक शामिल रहा। अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्ष ने वोटिंग में भाग नहीं लिया। इस कारण यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से अस्वीकृत हो गया।

माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वित्त मंत्री के तौर पर 2 घंटे में बजट भाषण प्रस्तुत किया। इस पर सदन में 8 घंटे 17 मिनट चर्चा हुई। इस चर्चा में 59 माननीय विधायकों ने हिस्सा लिया। इनमें भाजपा के 26, जजपा के 7, कांग्रेस के 19, इनेलो का एक, निर्दलीय 6 विधायक शामिल रहे।

बजट सत्र के लिए 54 ध्यानाकर्षण सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। इनमें  से 47 अस्वीकृत की गई। कुल 7 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर सदन में चर्चा हुई। स्थगन प्रस्ताव के लिए 1 सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर 26 फरवरी को 1 घंटा 11 मिनट चर्चा हुई, जिसमें 16 विधायकों ने चर्चा में हिस्सा लिया। 3 गैर सरकारी प्रस्ताव भी आए थे, जिन्हें अस्वीकृत कर दिया गया। अल्प अवधि चर्चा के लिए 1 प्रस्ताव मिला था, जिसे अस्वीकृत कर दिया गया। इस दौरान एक प्राइवेट सदस्य विधेयक भी आया, जिसे टिप्पणी के लिए सरकार को भेजा गया है।

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि उन्होंने बोलने के चाहवान सभी सदस्यों को समय देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान सभी दलों का सहयोग सराहनीय रहा है। इसके साथ ही उन्होंने विधायकों से अपील की कि उन्हें सदन की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए अपनी बात रखनी चाहिए।

बजट सत्र 2024 में पारित 13 विधेयक : 

1. हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2024

2. औद्योगिक विवाद (संशोधन तथा विविध उपबन्ध) (हरियाणा संशोधन) निरसन विधेयक, 2024

3. हरियाणा अन्तरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण विधेयक, 2024

4. हरियाणा शव का सम्मानजनक निपटान विधेयक, 2024

5. सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेध और व्यापार तथा वाणिज्य, उत्पादन, प्रदाय और वितरण का विनियमन) हरियाणा संशोधन विधेयक, 2024

6. हरियाणा ट्रैवल एजेंटों का पंजीकरण और विनियमन विधेयक, 2024

7. हिसार महानगर विकास प्राधिकरण, विधेयक, 2024

8. हरियाणा निजी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण और विनियमन विधेयक, 2024

9. हरियाणा पिछड़े वर्ग (सेवाओं तथा शैक्षणिक संस्थानों में दाखिले में आरक्षण) संशोधन विधेयक, 2024

10. हरियाणा राज्य खेल संघ (पंजीकरण और विनियमन) विधेयक, 2024

11. हरियाणा परियोजना भूमि समेकन (विशेष उपबंध) संशोधन विधेयक, 2024

12. हरियाणा विनियोग (संख्या 1) विधेयक, 2024,

13. हरियाणा विनियोग (संख्या 2) विधेयक  

dawn punjab
Author: dawn punjab

Leave a Comment

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

Live Cricket

Rashifal