रामदरबार की समस्याओं को लेकर पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल डीसी चंडीगढ़ से मिला
चंडीगढ़, 30 सितंबर :
रामदरबार क्षेत्र की विभिन्न गंभीर समस्याओं और स्थानीय निवासियों की मांगों को लेकर पूर्व मेयर चंडीगढ़ कमलेश बनारसी दास के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज डीसी चंडीगढ़ प्रशासन से मुलाकात की और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले इंदिरा आवास कॉलोनी, रामदरबार के उन परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा उठाया, जिनके मकान नशा मुक्ति अभियान के दौरान तोड़े गए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जिन परिवारों के आवास हटाए गए हैं, उन्हें पुनर्वास योजनाओं के तहत उचित आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को बेघर न रहना पड़े।
कमलेश बनारसी दास ने कहा कि चंडीगढ़ की पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के सिर पर लंबे समय से मकान खाली करने या कार्रवाई की तलवार लटकी रहती है। उन्होंने मांग की कि पुनर्वास कॉलोनी निवासियों को मालिकाना हक दिया जाए तथा GPA के माध्यम से संपत्ति रखने वाले पात्र लोगों को भी नियमानुसार मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि वर्षों से रह रहे परिवारों को स्थायी सुरक्षा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने रोजगार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण मांग भी डीसी के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकारी संस्थानों में ठेकेदारों के माध्यम से होने वाली भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठेका कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए रोजगार कार्यालय/Employment Exchange के माध्यम से पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जाए।
उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को अपना नाम Employment Exchange में दर्ज करवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए और पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रोजगार के अवसरों की जानकारी एवं नियुक्ति दी जाए। इससे ठेकेदारों द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने या लेने संबंधी शिकायतों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और युवाओं को पारदर्शी एवं समान अवसर मिल सकेगा।
कमलेश बनारसी दास ने कहा कि रोजगार किसी की निजी कमाई का साधन नहीं, बल्कि बेरोजगार युवा का अधिकार और सम्मान का विषय है। प्रशासन को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिसमें किसी भी युवक को नौकरी पाने के लिए किसी व्यक्ति या ठेकेदार को पैसे देने की जरूरत न पड़े।
प्रतिनिधिमंडल ने डीसी प्रशासन से इन सभी मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर हरजिंदर सिंह, बाबा देवा, श्री ब्रजमोहन मीणा, राज धवन, लेखू सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।




