14 देशों के 72 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, 12 नवंबर से इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन
हरियाणा के तरुधन वैली में चार दिन चलेगी अंतरराष्ट्रीय गोल्फ चैंपियनशिप, 56 विदेशी खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
चंडीगढ़ : भारत में अंतरराष्ट्रीय गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। हरियाणा के नूंह जिले में मानेसर के पास स्थित तरुधन वैली में 12 से 15 नवंबर तक इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन 2026 आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे 12 नवंबर को सुबह प्रतियोगिता की ट्राफी का अनावरण करेंगी । इसमें 14 देशों के कुल 72 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में 13 देशों के 56 विदेशी खिलाड़ियों के अलावा भारत के 16 खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस चैंपियनशिप का उद्देश्य भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना और देश में पिच एंड पुट गोल्फ को बढ़ावा देना है। आयोजकों के मुताबिक, इस प्रतियोगिता से अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत की पहचान मजबूत होगी और विदेशी खिलाड़ियों को भारतीय खेल सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
47 देशों में खेला जाता है पिच एंड पुट
पिच एंड पुट गोल्फ का अपेक्षाकृत छोटा प्रारूप है, जो दुनिया के 47 देशों में खेला जाता है। इस खेल का अंतरराष्ट्रीय संचालन फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पिच एंड पुट एसोसिएशंस (FIPPA) करता है। इस चैंपियनशिप में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों को एक मंच पर प्रतिस्पर्धा करने और अपने खेल अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
इंडियन पिच एंड पुट एसोसिएशन (IPPA) के संस्थापक अध्यक्ष मुनीश अरोड़ा को FIPPA के नियमों और ढांचे के अनुरूप एशिया में इस खेल का इकोसिस्टम विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत एशियाई देशों में खेल का विस्तार, नियमित प्रतियोगिताओं का आयोजन और भविष्य में एशिया कप कराने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा।
सोसायटी के चेयरमैन एसके शर्मा (सेवानिवृत्त आईपीए) और चीफ पैट्रन पुनीत सिंह ने इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के आयोजन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के बीच खेल सहयोग बढ़ेगा और एशिया में पिच एंड पुट को नई पहचान मिलेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता भारत में इस खेल के लिए मजबूत और टिकाऊ ढांचा तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
एक नजर में प्रतियोगिता
* आयोजन: इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन 2026
* तारीख: 12 से 15 नवंबर
* उद्घाटन: 12 नवंबर, सुबह
* उद्घाटनकर्ता: श्रीमती रक्षा निखिल खडसे, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री
* स्थान: तरुधन वैली, नूंह, हरियाणा
* कुल खिलाड़ी: 72
* विदेशी खिलाड़ी: 56 (13 देश)
* भारतीय खिलाड़ी: 16
* सहयोग: केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार





